अल्बानिया में घूसखोरी रोकने के लिए एआई मंत्री की नियुक्ति
अल्बानिया , । 13 सितम्बर 2025 । दुनिया भर में भ्रष्टाचार और घूसखोरी प्रशासनिक व्यवस्था के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। कई देश इन समस्याओं से निपटने के लिए नई-नई नीतियाँ और तकनीक अपना रहे हैं। इसी दिशा में एक अनोखा कदम उठाते हुए यूरोपीय देश अल्बानिया ने घूसखोरी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए एआई (Artificial Intelligence) मंत्री की नियुक्ति की है। यह कदम प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक माना जा रहा है।
अल्बानिया AI मंत्री वाला दुनिया का पहला देश बना,भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए बनाया गया मंत्री, सरकारी सामान और सर्विस खरीदने पर रखेगी नजर
अल्बानिया दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है जिसके पास एक AI मंत्री है। यह कोई इंसान नहीं, बल्कि पिक्सल और कोड से बनी एक वर्चुअल मंत्री है, जो पूरी तरह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के मुताबिक काम करती है।
प्रधानमंत्री एडी रामा ने हाल ही में चौथी बार चुनाव जीतने के कुछ महीनों बाद डिएला को अपने कैबिनेट में शामिल किया है। डिएला को सरकारी फंडिंग प्रोजेक्ट्स और पब्लिक टेंडरों में भ्रष्टाचार रोकने की जिम्मेदारी दी गई है।
विपक्ष ने इसकी आलोचना की है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने कहा कि यह एक पब्लिसिटी स्टंट है और संविधान के खिलाफ भी है।
10 लाख लोगों की मदद कर चुकीं डिएला
अल्बानियाई भाषा में डिएला नाम का मतलब ‘धूप’ या ‘सूरज’ होता है। डिएला इससे पहले भी अल्बानिया में काम कर चुकी है। वह एक AI-आधारित वर्चुअल असिस्टेंट थी, जो नागरिकों को सरकारी दस्तावेज पाने में मदद करती थी। यानी कि अल्बानियाई नागरिक पहले से ही डिएला से परिचित हैं।
रामा का दावा है कि डिएला ने ई-अल्बानिया प्लेटफॉर्म पर दस लाख से ज्यादा लोगों की मदद की। लेकिन अब उनका इरादा है कि डिएला को एक साधारण चैटबॉट से कहीं आगे ले जाकर सरकारी कामकाज का अहम हिस्सा बनाया जाए।
सरकारी डेटा लीक नहीं करेगी डिएला रामा कहते हैं कि बड़ी-बड़ी विकसित अर्थव्यवस्थाएं अभी भी पुराने तरीकों पर अटकी हैं, जबकि अल्बानिया इस पहल के जरिए एक छलांग लगा सकता है। रामा ने कहा कि उनका मकसद अल्बानिया को ऐसा देश बनाना है जो पूरी तरह करप्शन फ्री हो।
AI मंत्री बनाना एक प्रतीकात्मक कदम है क्योंकि अल्बानिया के संविधान के मुताबिक मंत्री बनने के लिए इंसान का वयस्क और सक्षम होना जरूरी है। लेकिन फिर भी, एक इंसान की बजाय AI को चुनने के कई फायदे बताएं जा रहे हैं। डिएला कभी सरकारी रहस्य लीक नहीं करेगी, न ही भ्रष्टाचार या खर्च घोटालों में फंसेगी। उसे सिर्फ बिजली चाहिए।
इससे पहले जून में रामा ने कहा था कि एक दिन अल्बानिया में डिजिटल मंत्री या यहां तक कि AI प्रधानमंत्री भी हो सकते हैं। तब बहुत कम लोगों ने सोचा होगा कि यह इतनी जल्दी हकीकत बन जाएगा।