थाईलैंड । 24 जुलाई 25 । थाईलैंड ने कंबोडिया के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। इससे पहले दोनों देशों के सैनिकों ने गुरुवार सुबह सीमा के पास एक-दूसरे पर फायरिंग की। थाई सेना ने कहा- इस गोलीबारी में 9 थाई लोगों की मौत हो गई हैं, जबकि 14 घायल हुए हैं।
कंबोडिया के विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि थाई सैनिकों ने पहले गोली चलाई। जबकि थाईलैंड की सेना ने कहा कि कंबोडिया ने सेना भेजने से पहले एक ड्रोन तैनात किया था, इसके बाद तोप और लंबी दूरी के BM21 रॉकेटों से गोलीबारी शुरू कर दी थी।
यह गोलीबारी थाईलैंड के सुरिन प्रांत और कंबोडिया के प्राचीन प्रसात ता मुएन थॉम मंदिर के पास हुई। हमले को देखते हुए थाईलैंड ने बॉर्डर पर F-16 लड़ाकू विमान तैनात किया था।
इससे पहले 23 जुलाई को थाईलैंड ने कंबोडिया में अपने राजदूत को वापस बुला लिया था और कंबोडिया के राजदूत को निकाल दिया था। दोनों देशों के बीच विवाद 16 जुलाई को बढ़ा था, जब थाईलैंड ने कंबोडिया पर लैंडमाइंस बिछाने का आरोप लगाया, जिसमें 4 सैनिक घायल हुए थे।
थाईलैंड ने 40 हजार नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
थाईलैंड के जिला प्रमुख ने बताया कि हमले के बाद सीमा से लगे 86 गांवों से लगभग 40 हजार थाई नागरिकों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह स्थित रॉयल थाईलैंड दूतावास ने कहा कि सीमा पर स्थिति बिगड़ती जा रही है और झड़पों के लंबे समय तक जारी रहने की संभावना के कारण, दूतावास ने अपने नागरिकों से जितनी जल्दी हो सके कंबोडिया छोड़ने को कहा है।
थाई दूतावास की घोषणा के कुछ ही देर बाद, थाईलैंड की सेना ने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए उसने सीमा पर एक एफ-16 जेट लड़ाकू विमान तैनात किया है।
एक थाई सैन्य अधिकारी ने BBC को बताया कि थाईलैंड कंबोडिया के साथ अपनी सभी सीमाएं बंद कर रहा है।
कंबोडिया बोला- आत्मरक्षा में कार्रवाई की
कंबोडिया के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बयान जारी कर थाईलैंड पर पहले हमला करने का आरोप लगाया। बयान के अनुसार, कंबोडियाई सैनिकों ने थाईलैंड की सेना के हमले के बाद जवाबी कार्रवाई की और यह केवल आत्मरक्षा में की गई थी।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री हुन सेन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि थाईलैंड की सेना ने सीमा से लगे दो कंबोडियाई प्रांतों, ओद्दार मीन्चे और प्रीह विहियर पर गोलाबारी की है।
हुन सेन ने कहा- कंबोडियाई सेना के पास जवाबी हमला करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। उन्होंने जनता से शांत रहने का आह्वान किया।
थाईलैंड- कंबोडिया ने लैंडमाइंस बिछाई, 4 सैनिक घायल
कंबोडिया और थाईलैंड के बीच यह विवाद 16 जुलाई को बढ़ गया, जब थाईलैंड ने दावा किया कि कंबोडिया ने उनकी सीमा पर लैंडमाइंस बिछाईं है।
थाई प्राधिकारियों ने बताया- कुछ सैनिक उबोन रात्चाथानी और कंबोडिया के प्रीह विहियर प्रांत के बीच विवादित सीमा क्षेत्र के थाई हिस्से में गश्त कर रहें थे। तभी ये कंबोडिया के बिछाए गए लैंडमाइंस की चपेट में आ गए। जिसमें एक सैनिक का पैर कट गया, जबकि तीन घायल हो गए।
कंबोडिया ने इन आरोपों को खारिज किया और कहा कि सैनिक पुरानी लैंडमाइंस के कारण घायल हुए।