जम्मू-कश्मीर के गुरेज में मुठभेड़, दो आतंकवादी ढेर

0 79

जम्मू-कश्मीर । 28 अगस्त 2025 ।  जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच आज सुबह हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। यह कार्रवाई उस समय हुई जब सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी।

सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया तो आतंकियों ने फायरिंग कर दी। इसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए कड़ा जवाब दिया। घंटों चली इस मुठभेड़ में दोनों आतंकवादी मारे गए। घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।

सेना ने बताया कि मारे गए आतंकियों की पहचान की जा रही है और उनका संबंध किस संगठन से था, इसकी जांच चल रही है। वहीं, इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की स्थिति से निपटा जा सके।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में तेजी आई है, जिस पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं। गुरेज की यह मुठभेड़ सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद, जम्मू-कश्मीर में 7 अलग-अलग मुठभेड़ों में अब तक 23 आतंकवादी मारे गए हैं। आज मारे गए दो आतंकियों की पहचान सामने नहीं आई है। अन्य 21 में से बारह आतंकी पाकिस्तानी नागरिक थे, जबकि नौ स्थानीय थे।

जम्मू-कश्मीर में 22 अप्रैल से 1 अगस्त तक 6 मुठभेड़

मुठभेड़ 1: स्थान- कुलगाम, तारीख- 1 से 12 अगस्त श्रीनगर से लगभग 70 किलोमीटर दूर कुलगाम में ऑपरेशन अखल नामक एक ऑपरेशन चलाया गया। इसमें लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के तीन आतंकवादी मारे गए। इनकी पहचान कुलगाम के जाकिर अहमद गनी, सोपोर निवासी आदिल रहमान डेंटू और पुलवामा निवासी हरीश डार के रूप में हुई।

मुठभेड़ 2: स्थान- पुंछ, तारीख- 30 जुलाई ऑपरेशन शिवशक्ति के तहत, पुंछ सेक्टर में दो लश्कर-ए-तैयबा आतंकवादी मारे गए थे। दोनों पाकिस्तानी थे। उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए गए थे।

मुठभेड़ 3: स्थान- हरवान, तारीख- 28 जुलाई ऑपरेशन महादेव के तहत, श्रीनगर के हरवान स्थित मुलनार गांव में तीन पाकिस्तानी लश्कर-ए-तैयबा आतंकवादी मारे गए थे। इनकी पहचान सुलेमान, अफगान और जिबरान के रूप में हुई थी।

मुठभेड़ 4: स्थान- पुलवामा, तारीख- 15 मई पुलवामा शहर से लगभग 26 किमी दूर त्राल जंगल में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादी मारे गए थे। ये सभी त्राल के रहने वाले थे। इनकी पहचान आसिफ अहमद शेख, आमिर नजीर वानी और यावर अहमद भट्ट के रूप में हुई थी।

मुठभेड़ 5: स्थान- शोपियां, तारीख- 13 मई सेना ने शोपियां जिले के केल्लर जंगलों में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकियों का मारा था। इनकी पहचान शाहिद कुट्टे, अदनान शफी डार और आमिर बशीर के रूप में की गई।

मुठभेड़ 6: स्थान- सांबा सेक्टर, तारीख- 8 और 9 मई सांबा जिले में बीएसएफ के जवानों ने जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के सात आतंकवादियों को मार गिराया था। सभी पाकिस्तानी नागरिक थे। यह मुठभेड़ हाल के महीनों में JeM के खिलाफ सबसे घातक मुठभेड़ों में से एक थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.