बीजापुर मुठभेड़ में 31 नक्सली ढेर, 2 जवान शहीद
बीजापुर जिले में पुलिस व नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़
छत्तीसगढ़।
पंचायत चुनाव से ठीक पहले बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस सुरक्षा बल ने छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर 31 नक्सलियों को मार गिराया है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबल के 2 जवान भी शहीद हो गए हैं। वहीं, कई जवान घायल भी हए हैं। घायल जवानों को निकालने के लिए जगदलपुर से एमआई-17 हेलीकॉप्टर रवाना किया गया है। मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ भी सकती है।
यह एनकाउंटर बीजापुर के नेशनल पार्क एरिया में हुआ है, अभी भी अन्य नक्सलियों की धरपकड़ के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। आईजी ने बताया कि नक्सलियों के बड़ी संख्या में जमा होने की सूचना मिली थी, इसके बाद मौके पर फोर्स रवाना की गई है। सुबह से ही रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। बताया जा रहा है कि इस नक्सल ऑपरेशन में नक्सलियों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को नेशनल डिफेंस कॉलेज के 18 सैन्य और सिविल सेवा अधिकारियों के दल से मुलाकात की। इस बैठक में भारतीय सशस्त्र बलों के साथ श्रीलंका, मोरक्को, नाइजीरिया, नेपाल और यूएई के सैन्य अधिकारी मौजूद रहें। इस दौरान छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के सफाया को लेकर चर्चा हुई। वहीं, चर्चा के अगले दिन रविवार को नकस्लियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुठभेड़ में 2 जवान बलिदान एवं 2 जवान के घायल होने की भी दुःख प्रकट करते हुए कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में मार्च 2026 तक हमारा प्रदेश नक्सलवाद मुक्त होकर रहेगा। इस दिशा में सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। देश-प्रदेश में कैंसर रूपी नक्सलवाद का अंत तय है। ईश्वर से बलिदान जवानों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने व घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’