कटिहार, स्वराज खबर। कटिहार जिले की कुरसेला पुलिस ने गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर 58 किलो गांजा के साथ, दो चारपहिया वाहन, दो मोबाइल सहित एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि नवाबगंज पूरब टोला निवासी बहरू मंडल द्वारा अपने नवनिर्मित मकान में भारी मात्रा में प्रतिबंधित गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल को त्वरित कार्रवाई करते हुए गांजा तस्कर को गिरफ्तार करने का आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
पुलिस कार्रवाई को देखते हुए बहरु मंडल के घर के पीछे वाले गेट से तीन व्यक्ति खेत के रास्ते भागने लगे। पुलिस ने इनमें से एक को धर दबोचा। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम बहरू मंडल पिता छब्बू मंडल साकिन नवाबगंज पूरब टोला थाना कुरसेला जिला कटिहार निवासी बताया। पकड़े व्यक्ति से भागने का कारण पूछने पर बताया गया कि वह प्रतिबंधित गांजा का अवैध रूप से खरीद बिक्री का कार्य करता है। इसलिए भाग रहा था।
ततपश्चात पुलिस दल द्वारा तलाशी नियम का पालन करते हुए दंडाधिकारी के रूप में उपस्थित समेली अंचलाधिकारी प्रियरंजन कुमार के समक्ष विधिवत वीडियोग्राफी फोटोग्राफी करते हुए तलाशी लेने पर बहरू मंडल के घर के कमरे से कुल 10 किलोग्राम गांजा एवं घर के अंदर हॉल में लगे सुमो गोल्ड सिल्वर रंग के वाहन से 22 किलोग्राम तथा उजले रंग के दूसरे सुमो से 26 किलोग्राम कुल 58 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया तथा घटनास्थल से दो मोबाइल भी बरामद किया गया। जिसे थानाध्यक्ष गुड्डू कुमार के द्वारा विधिवत दंडाधिकारी के समक्ष जब्ती सूची बनाकर जब्त कर गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में कटिहार भेज दिया गया है।
जानकारी हो कि कुरसेला थाना क्षेत्र का नवाबगंज गांजा के हब एवं मिनी नेपाल के नाम से मशहूर है। यहां पूर्व में भी लाखों रुपए मूल्य के गांजा के साथ तस्करों की गिरफ्तारी हुई है। जाहिर है कि उक्त स्थल पर लंबे समय से गांजा तस्करों के द्वारा प्रतिबंधित नशे का कारोबार किया जाता रहा है।