दरभंगा, स्वराज खबर। बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शुक्रवार को दरभंगा में कहा कि उन सभी विषयों को साहित्य में शामिल करने की जरूरत है जो राष्ट्रवाद व समाज हित पर केंद्रित हों। सिर्फ हिंदी में ही नहीं बल्कि इसके लिए तमाम उन भाषाओं को भी इसमें जगह मिले जिसमें ऐसी गतिविधियां लिखित या किसी भी माध्यम से प्रदर्शित की जा रही हों। इसके लिए उन्होंने दूसरी भाषाओं के साहित्य को भी पढ़ने व समझने की वकालत की। कहा कि वहां क्या हो रहा है उसे भी जानने की दरकार है। उन्होंने मिथिला की धरती को श्रेष्ठ व संमृद्ध बताया। संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित त्रिदिवसीय चन्द्रगुप्त साहित्य महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित कुलपतियों, राष्ट्रीय स्वयं सेवक के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं , शिक्षकों, शोधर्थियों, छात्रों व आयोजकों को सम्बोधित करते हुए माननीय कुलाधिपति ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि उत्सव व उत्साह मिलकर महोत्सव को सफल बनाते हैं। इस महोत्सव में काफी गूढ़ विषयों पर चिंतन, मंथन व मनन होने वाला है जो अच्छी बात है। तीन दिनों में जिन गम्भीर विषयों पर चिंतन मंथन होगा उसके फलाफल को पुस्तक के आकार में भी समाज के सामने लाने की जरूरत है। राष्ट्रवाद व राष्ट्रीय एकता साहित्य की मुख्य परिधि में हों। उन्होंने जयपुर लिटरेरी फेस्टीवल की भी याद दिलाई। जहां भारत विरोधी गतिविधियों की ही बातें की जाती है। उन्होंने कहा कि समय आ गया है कि साहित्यिक दर्जा किसे मिले इस पर गहन विचार की जरूरत है। राष्ट्रवादी विचार धाराएं कैसे आगे आएंगी, इस पर भी चिंतन होना चाहिए।
उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ निशिकान्त ने बताया कि महामहिम ने फ़िल्म, सिनेमा, नाटक, उपन्यास, कविता, यहां तक कि कहानी श्रुति के उन सभी विषयों को साहित्य में शामिल करने का पुरजोर समर्थन किया जो राष्ट्र हित व समाज हित पर आधारित हो। इसके लिए उन्होंने महाराष्ट्र साहित्य सम्मेलन की प्रशंसा की। कहा कि ऐसा कार्यक्रम सभी राज्यों में सभी जगहों पर होना चाहिए। उन्होंने चन्द्रगुप्त साहित्य महोसत्व के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे काफी आशान्वित हैं कि कार्यक्रम में अन्य गहन विषयों पर चर्चा होगी जिससे समाज को एक नई दिशा मिलेगी। इसके पूर्व उन्होंने मंच साझा कर रहे आयोजन समिति के स्वागताध्यक्ष युवराज कपिलेश्वर सिंह को धन्यवाद दिया एवं भारतीय संस्कृति व सभ्यता की रक्षा के लिए उनके पुरखों द्वारा किये गए पुनीत कार्यों की भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उद्घाटन सत्र को कार्यक्रम के अध्यक्ष युवराज कुमार कपिलेश्वर सिंह, साहित्य अकादमी दिल्ली की उपाध्यक्ष डॉ कुमुद शर्मा, कार्यक्रम के संयोजक राजेन्द्र गुप्ता, नरेंद्र ठाकुर ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय पिछले कई दिनों से विशेष सक्रिय रहे। एलएन मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ संजय कुमार चौधरी ने भी अपनी गरिमामय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में बिहार के अधिकांश विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सांसद गोपालजी ठाकुर, सांसद धर्मशीला गुप्ता सहित आरएसएस के राष्ट्रीय एवं प्रदेश के संगठन से जुड़े नेता उपस्थित थे।